नंदा-सुनंदा योजना से 39,बालिकाओं को मिली नई उड़ान। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजना “नंदा-सुनंदा” के 15वें संस्करण में 39 जरूरतमंद बालिकाओं को करीब 13 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने छात्राओं को चेक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
योजना के तहत आर्थिक तंगी, पारिवारिक संकट और एकल अभिभावक जैसी परिस्थितियों से जूझ रही बालिकाओं की शिक्षा को फिर से आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई छात्राओं और उनकी माताओं ने अपने संघर्ष की कहानियां साझा कीं, जिससे माहौल भावुक हो गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि “नंदा-सुनंदा” योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई रुकने न देना है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने छात्राओं को मेहनत और जिम्मेदारी के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
अब तक इस परियोजना के माध्यम से 175 बालिकाओं को लगभग 57 लाख रुपये की सहायता देकर उनकी शिक्षा को नया जीवन दिया जा चुका है।
