20 हजार का इनामी भू-माफिया गिरफ्तार, 30 लाख की जमीन ठगी का खुलासा। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में जमीन धोखाधड़ी के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने 20 हजार के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी दस्तावेज और कूटरचित अनुबंध पत्र के जरिए सौंडा सरोली क्षेत्र की जमीन बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की ठगी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को जमीन बेचने के लिए अधिकृत बताकर लोगों को भरोसे में लेते थे और सस्ते दामों में जमीन दिलाने का लालच देकर मोटी रकम ऐंठते थे। शिकायतकर्ता द्वारा पैसे वापस मांगने पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर पुलिस ने सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदीप सकलानी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में भूमि धोखाधड़ी के 27 मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
