ऋषिकेश से शुरू हुई श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026। Uttarakhand 24×7 Live news
ऋषिकेश से बुधवार को पवित्र श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया। लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरुद्वारा परिसर से पंज प्यारों की अगुवाई में पहले जत्थे को रवाना किया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया और “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के बीच श्रद्धालु रवाना हुए।
उपराज्यपाल ने संगत को संबोधित करते हुए यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। वहीं ट्रस्ट अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुखद और सुरक्षित यात्रा की अरदास की।
इस मौके पर कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।
