सीएम धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का हालचाल जाना, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मैक्स अस्पताल में भर्ती उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी से.नि. से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने खंडूड़ी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके उपचार को लेकर पूरी तरह सतर्क है और हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने खंडूड़ी के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि मेजर जनरल सेवानिवृत्त भुवन चंद्र खंडूड़ी उत्तराखंड के वरिष्ठ राजनेता और पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं, जिन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में चिंता व्यक्त की जा रही है, और उनके समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
