देहरादून में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत प्रवेशोत्सव, 67,815 छात्रों का नामांकन हुआ। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून, विद्यालयी शिक्षा विभाग द्वारा ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में ‘प्रवेशोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 1 से 12 तक कुल 67,815 नए छात्र-छात्राओं ने विद्यालयों में प्रवेश लिया।
कार्यक्रम में नवप्रवेशित बच्चों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
आंकड़ों के अनुसार, प्राथमिक स्तर पर 24,381, उच्च प्राथमिक में 31,008 और माध्यमिक स्तर पर 12,426 छात्रों का नामांकन हुआ।
डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
