ऑपरेशन प्रहार” में दून पुलिस की बड़ी सफलता, 1 लाख का इनामी अपराधी गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल की है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग के सदस्य और 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 6 महीने पहले उड़ीसा के कटक जिला कारागार से जेल तोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद से ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
उड़ीसा पुलिस को जब उसकी लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र में मिली, तो उन्होंने दून पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को ट्रैक किया गया। इसके बाद नटराज चौक से टिहरी रोड स्थित सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी राजा साहनी, उम्र 34 वर्ष, बिहार के बेगूसराय का निवासी है और उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ उड़ीसा में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य राज्यों में भी उसके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
