उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 27 तारीख की सुबह से 28 तारीख की सुबह तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून मौसम वैज्ञानिक चंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बर्फबारी और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यह चेतावनी दी गई थी। शुरुआत में अनुमान था कि यह सिस्टम रात में सक्रिय होगा, लेकिन यह कुछ समय के लिए स्थिर रहा। अब पहाड़ी जिलों खासकर उत्तरकाशी और चमोली के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो चुकी है।
मैदानी क्षेत्रों में देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में दोपहर तक बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यह दौर आज से लेकर कल सुबह लगभग 10 से 12 बजे तक जारी रहेगा, जिसके बाद अधिकतर इलाकों में मौसम में सुधार होगा। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी बनी रह सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक रुक-रुक कर मौसम सक्रिय रह सकता है। इसके बाद 30 और 31 तारीख को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसका असर एक और दो तारीख को दिखेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, लेकिन इसकी तीव्रता पहले जैसी अधिक नहीं होगी।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पहाड़ी इलाकों में यात्रा से पहले मौसम अपडेट लेने की सलाह दी गई है।
