अंकिता भंडारी प्रकरण में CBI जांच की संस्तुति पर जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधायक खजान दास, किशोर उपाध्याय, सहदेव पुंडीर, सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, बृजभूषण गैरोला तथा शक्तिलाल शाह भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की संस्तुति प्रदान करने के मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय राज्य की जनता के विश्वास को मजबूत करने वाला है और इससे पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था और न्याय के प्रति दिखाई जा रही संवेदनशीलता की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार न्याय के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और अंकिता भंडारी प्रकरण में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच से मामले की सच्चाई सामने आएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
