सीएम धामी ने सरदार पटेल को बताया राष्ट्रीय एकता और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखते हुए देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। स्वतंत्र भारत की प्रशासनिक संरचना को सुदृढ़ करने में उनका योगदान अतुलनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लौहपुरुष सरदार पटेल की विचारधारा आज भी प्रासंगिक है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है। उनके द्वारा स्थापित मूल्य—एकता, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता—देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जा सकता है। राज्य सरकार उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक मजबूत, संगठित और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें।
