सीएम धामी ने गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारा में टेका मत्था। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुनानक जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरूसिंह सभा, रेसकोर्स में मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेष रूप से सिख समुदाय के सभी भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज को सत्य, करुणा, परोपकार और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने मानवता को समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उस समय थीं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समरसता, सौहार्द और एकता की भावना को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी देवभूमि में गुरु नानक देव जी के पदचिह्न भी विराजमान हैं, जो हमें उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर पर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करें और समाज सेवा के कार्यों में भाग लें।
