केदारनाथ धाम पहुंचे मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुनर्निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20251022-WA0073.jpg

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन बुधवार को पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बाबा केदारनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और धाम परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न चरणों में हो रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य निष्पादन की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से धाम क्षेत्र में चल रहे सभी कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सौंदर्य और धार्मिक आस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कल, 23 अक्टूबर को बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं, इसलिए कपाट बंद होने के बाद भी धाम में सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री संरक्षण और बर्फबारी की स्थिति में कार्यों के रखरखाव को लेकर पूरी तैयारी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि अब से ही वर्ष 2026 की यात्रा तैयारियों की शुरुआत कर दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व योजना तैयार की जाए, ताकि आगामी यात्रा सत्र में श्रद्धालुओं को और अधिक सुगम, सुरक्षित और संतोषजनक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने विशेष रूप से बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, संचार, परिवहन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने मुख्य सचिव को बताया कि केदारनाथ यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य कर रहे हैं, जिससे यात्रा संचालन सुचारू रूप से संपन्न हो सका है।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने धाम क्षेत्र में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम आज पूरे देश में पुनर्निर्माण और पुनरुत्थान का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का लक्ष्य केवल भौतिक निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां आस्था और सुविधा का संतुलित संगम सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को केदारनाथ में एक पवित्र, सुरक्षित और दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed