बागेश्वर की हृदयविदारक घटना पर सीएम धामी सख्त। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20250730-WA0129

बागेश्वर जनपद में एक मासूम बच्चे की असमय मृत्यु, वह भी चिकित्सा सुविधा के अभाव में, अत्यंत मर्मांतक और अस्वीकार्य है। यह केवल एक परिवार की नहीं, अपितु समस्त समाज की पीड़ा है। एक अबोध बालक को समय पर चिकित्सा सुविधा न मिल पाना, हमारी व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है।
प्रथम दृष्टया प्राप्त जानकारी से यह संकेत मिलते हैं कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पीछे प्रशासनिक उदासीनता और कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही एक कारण हो सकती है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मैंने इस गंभीर विषय को तत्काल संज्ञान में लेते हुए कुमाऊँ मण्डल के आयुक्त को उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच निष्पक्ष, समयबद्ध और तथ्यों पर आधारित होगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या संस्था दोषी पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का मूल दायित्व जनता के जीवन, स्वास्थ्य और अधिकारों की रक्षा करना है। यह हमारा नैतिक, संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्व है कि हम जनमानस का विश्वास बनाये रखें और यह विश्वास केवल कथनों से नहीं, ठोस कार्यवाही से ही कायम हो सकता है।
मैं पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और उन्हें यह आश्वस्त करता हूँ कि न्याय की हरसंभव कोशिश की जाएगी। साथ ही, इस घटना को भविष्य में न दोहराया जाए, इसके लिए समुचित व्यवस्था एवं उत्तरदायित्व-निर्धारण सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा में कोई भी कोताही नीतिगत रूप से अस्वीकार्य है। यह एक स्पष्ट संदेश है कि उत्तराखंड में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed