उत्तराखंड सरकार प्रदेश में विकसित करेगी नई टाउनशिप, प्रदेश में आवास नीति लाने की भी हो रही है तैयारी मंत्री। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड के कई जिलों के शहरी क्षेत्रों में जनसंख्या के बढ़ते घनत्व को देखते हुए प्रदेश सरकार अब नई टाउनशिप को विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके साथ-साथ प्रदेश में नई आवास नीति भी लाई जाएगी और इस नीति के तहत सरकार अपना लैंड बैंक भी मजबूत करेगी। अभी सरकार के लैंड बैंक की स्थिति साफ नहीं है। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इसको लेकर कहा है कि सरकार इस दिशा में सकारात्मक कदम उठा रही है। पूरे प्रदेश में 22 स्थानों का चयन किया गया था। सर्वे और अन्य सुझाव के बाद 8- 10 स्थानों पर नई टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में नवीन चकराता टाउनशिप के लिए स्थिति स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि नवीन चकराता के लिए हमने दो करोड रुपए दिए हैं और वहां की आरएफपी बनाकर शासन को आ गई है अन्य क्षेत्रों के लिए योजना पर काम हो रहा है। आपको बता दें कि सरकार की योजना धरातल पर उतरने के बाद उत्तराखंड के कई जिलों की कायाकल्प हो जाएगी। अभी देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर और नैनीताल में जनसंख्या का दबाव अधिक बढ़ रहा है। सड़कें, चौक-चौराहा और रिहायशी इलाके बेहद छोटे होते जा रहे हैं। इसलिए सरकार अब कुछ नए शहर बनाने की योजना तैयार कर रही है।
