रंग बिरंगी फूलों का लुफ्त उठाना है तो चले आइए राजभवन। Uttarakhand 24×7 live news
उत्तराखंड राजभवन में आज से 3 दिनों के लिए वसंतोत्सव की शुरुआत की गई है। अगले तीन दिन तक राजभवन रंग – बिरंगे फूलों से सजा नजर आएगा। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने वसंतोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी राजभवन में मौजूद रहे। इस आयोजन में प्रदेश के 30 विभाग हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न प्रजातियों के पुष्पों की प्रदर्शनी लगाई गई है और अगले 3 दिनों तक आम जनता के लिए राजभवन को खोल दिया गया है। अब सभी लोग यहां पर आकर रंग बिरंगे फूलों को देखकर यहां का लुफ्त उठा सकते हैं। इस आयोजन में 16 मुख्य प्रतियोगिताओं की 62 श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। कुल 186 पुरस्कार विजेताओं को दिए जाएंगे। इस साल प्रतियोगिता में पहली बार 4 नई श्रेणियां, रूफटॉप गार्डनिंग, बोन्साई, टेरारियम और शहद शामिल किया गया है। राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि राजभवन में इस आयोजन का जो नजारा है वह बेहद खूबसूरत है। उद्घाटन के पहले ही दिन काफी तादाद में लोगों की मौजूदगी इस बात का इशारा करती है कि लोग इस आयोजन को लेकर कितने उत्साहित हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वसंत ऋतु में मां सरस्वती की सबसे ज्यादा आराधना की जाती है। वसंत ऋतु सबके खुशी प्रसन्नता और प्रगति का प्रतीक भी है।
