देहरादून में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का समापन। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में भारतीय फार्मेसी परिषद की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन कल्चर सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम रही – स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध यानी एएमआर का मुकाबला। कार्यक्रम के जरिए एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण और जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, फार्मेसी विशेषज्ञ, शिक्षाविद और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
वीओ: भारतीय फार्मेसी परिषद, नई दिल्ली की ओर से आयोजित इस राज्यस्तरीय समारोह में उत्तराखंड के 80 फार्मेसी संस्थानों के करीब 1100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का मुख्य उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध यानी एएमआर के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूकता फैलाना और एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल को रोकने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का गलत और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियां पैदा कर सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन और निर्धारित उपचार को जिम्मेदारी से पूरा करना बेहद जरूरी है।
समारोह में साइ-टून प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति और फार्मा क्विज जैसी छात्र-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही एएमआर विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान और पैनल चर्चा के माध्यम से फार्मासिस्टों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
वहीं, इस राज्यस्तरीय आयोजन से पहले 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में एएमआर जागरूकता रैली भी निकाली गई थी, जिसमें 1500 से अधिक फार्मेसी छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल का संदेश दिया।
वीओ आउट्रो: कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने भारतीय फार्मेसी परिषद, सहभागी संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला केवल स्वास्थ्य विभाग या चिकित्सकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें फार्मासिस्टों और आम जनता की भी अहम भूमिका है। एंटीबायोटिक दवाओं का सही इस्तेमाल ही आने वाली पीढ़ियों के लिए इन दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने में मददगार साबित हो सकता है।
रिपोर्ट: मोनू राजपूत
