भूस्खलन प्रबंधन में उत्तराखंड और ओडिशा करेंगे सहयोग। Uttarakhand 24×7 Live news
भूस्खलन प्रबंधन और आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर उत्तराखंड और ओडिशा मिलकर काम करेंगे। इसको लेकर जल्द ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) के बीच एमओयू किया जाएगा।
बुधवार को ओडिशा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कमल लोचन मिश्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञों के दल ने यूएसडीएमए का भ्रमण किया और उत्तराखंड में भूस्खलन की निगरानी, जोखिम आकलन और पूर्व चेतावनी प्रणाली की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच तकनीकी विशेषज्ञता और अनुभव साझा करने से आपदा प्रबंधन की क्षमताएं मजबूत होंगी। वहीं, ओडिशा के अधिकारियों ने उत्तराखंड की तकनीक और नवाचारों को अपने राज्य में लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
