यूपीईएस में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, डीएम ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान। Uttarakhand 24×7 Live news
रहरादून में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यूपीईएस में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और यूपीईएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए नशे से दूर रहकर सकारात्मक और रचनात्मक जीवन चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति खुद के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। नशे के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा।
वहीं एसपी सिटी शेखर चन्द्र सुयाल ने कहानी के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान का संदेश दिया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
