जन समाधान दिवस में डीएम सख्त, 150 से अधिक शिकायतों पर दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG_20260817_171244.png

देहरादून, जन समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 150 से अधिक शिकायतें सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत पापड़ियांन में वर्ष 2023 से 2026 तक आपदा मद में हुए कार्यों में कथित अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने जिला विकास अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त जांच कर 7 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
विकासनगर के झीवरहेड़ी गांव में आबादी के बीच संचालित अवैध हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री को डीएम ने तत्काल सील करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में स्थल का औद्योगिक उपयोग के लिए वर्गीकृत न होना तथा आवश्यक एनओसी का अभाव सामने आया था।
सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण और चार मंजिला निर्माण की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर एवं तहसीलदार सदर को स्थलीय निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
विशेष बच्चे के आवासीय देखभाल गृह में प्रवेश से संबंधित शिकायत पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को 7 दिन में संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बच्चे के हित और सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जन समाधान दिवस की शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed