दहेज हत्या मामले में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सृष्टि कण्डारी के पति और ननद गिरफ्तार, वीडियो बना अहम सबूत। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में सामने आए चर्चित दहेज हत्या प्रकरण में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पौड़ी गढ़वाल निवासी महिला ने अपनी बेटी सृष्टि कण्डारी की दहेज के लिए प्रताड़ना के बाद हत्या किए जाने की शिकायत कोतवाली डोईवाला में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां, अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए और मृतका द्वारा अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो भी बरामद किया, जिसमें उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
