मानसून अलर्ट: UPCL की 24×7 तैयारी, छुट्टी के दिन भी फील्ड में उतरे अधिकारी। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड में मानसून के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यूपीसीएल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रबंध निदेशक के निर्देश पर रविवार की छुट्टी के दिन भी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में उतरे और बिजलीघरों व उपकेंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निगम का कहना है कि किसी भी आपदा या खराब मौसम की स्थिति में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी टीमें 24 घंटे तैयार हैं।
मानसून के दौरान संभावित आपदा और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से यूपीसीएल ने प्रदेशभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। निदेशक वितरण एवं परियोजना, मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं ने विभिन्न जिलों के बिजलीघरों, उपकेंद्रों और फीडरों का निरीक्षण कर जमीनी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झूलते तारों, कमजोर पोलों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की स्थिति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जहां भी झूलते तार या तकनीकी खामियां दिखाई दें, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए। साथ ही लीकेज करंट की नियमित जांच, बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। निगम ने आपदा की स्थिति में त्वरित मरम्मत के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री पहले से उपलब्ध रखने को भी कहा है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने स्वयं पिथौरागढ़ में विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जबकि निदेशक (वितरण एवं परियोजना) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मसूरी, ऋषिकेश, विकासनगर, रुड़की, टिहरी और अन्य क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली और आपातकालीन रिस्पॉन्स सिस्टम की भी समीक्षा की गई।
यूपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि मानसून सीजन के दौरान सभी फील्ड टीमें, कंट्रोल रूम और तकनीकी स्टाफ 24×7 अलर्ट मोड पर रहेंगे। किसी भी फॉल्ट या आपदा की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। निगम ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि टूटे हुए बिजली के तारों या विद्युत संबंधी किसी भी खतरे की सूचना तुरंत यूपीसीएल के कंट्रोल रूम या स्थानीय कार्यालय को दें और ऐसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
