ऑपरेशन प्रहार की दोहरी कामयाबी, अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दो बड़ी सफलताएं सामने आई हैं। थाना राजपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष पुरानी लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका विमला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मालकिन के घर से गहने चोरी किए थे और बाद में इंस्टाग्राम पर उन्हीं गहनों के साथ तस्वीरें साझा करने से वह पुलिस के रडार पर आ गई।
वहीं थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 दोपहिया वाहन और 2 स्कूटी के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मास्टर-की और लॉक तोड़कर वाहन चोरी करते थे तथा वाहनों के पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच देते थे। दोनों मामलों में पुलिस टीमों की सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी देहरादून ने संबंधित टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
