“योग बना जन-जन की पहचान, देहरादून में गूंजा ओम् का स्वर। Uttarakhand 24×7 Live news

0
Videoshot_20260621_093020.jpg

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने एक साथ सूर्य को नमन किया। इस खास मौके पर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी योग दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एमडीडीए पार्क पहुंचे और सभी ने एक साथ योगाभ्यास किया। माहौल पूरी तरह ऊर्जावान और अनुशासित रहा। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और प्राणायाम किए। पूरे पार्क में एक साथ “ॐ” का गूंजता स्वर सुनाई दिया योग सिर्फ आसन नहीं, जीवनशैली है। देहरादून के कई अन्य जगहों पर भी योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए और लोगों ने योगाभ्यास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed