मतदाता सूची पुनरीक्षण में देहरादून आगे, 13.52 लाख मतदाताओं को मिले गणना प्रपत्र। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260619-WA0130.jpg

जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सफल सम्पादनार्थ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय देहरादून में राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, मंत्रियों, प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, मतदाता गणना प्रपत्र वितरण, डिजिटाइजेशन कार्य तथा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं समय पर उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक मतदान स्थल पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति की जा रही है। बैठक में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1,847, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 1,765, तथा सीपीआई(एम) द्वारा 463 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अन्य राजनीतिक दलों से भी बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं। इसके उपरांत 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा तथा दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर 15 सितम्बर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 17 जून 2026 तक 13,52,297 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 98.22 प्रतिशत है। साथ ही 2,06,444 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
विधानसभावार समीक्षा में चकराता विधानसभा में सर्वाधिक 99.46 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण दर्ज किया गया, जबकि मसूरी विधानसभा में 99.83 प्रतिशत वितरण कार्य पूर्ण हो चुका है। जनपद में कुल 1,881 बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत हैं।
बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे मतदाता जो अपने पते पर उपलब्ध नहीं मिल रहे हैं, उनके संबंध में बीएलओ द्वारा नियमानुसार सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी। जिन मतदाताओं तक गणना प्रपत्र नहीं पहुँच पाया है, उनके संबंध में स्थानीय जांच के आधार पर कारणों का अभिलेखीकरण करते हुए अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट प्रविष्टियों की सूची तैयार कर सार्वजनिक की जाएगी।
विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित शिकायतों एवं जानकारी के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। हेल्प डेस्क के दूरभाष नंबर 0135-1950 एवं 0135-2726066 तथा मोबाइल नंबर 8273702146 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed