7 जुलाई तक पूरा होगा विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने कहा कि अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा उनसे प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं तक अभी प्रपत्र नहीं पहुंच पाए हैं, वहां भी बीएलओ और संबंधित अधिकारी तेजी से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्राप्त गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके। अभियान के दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन भी किए जा रहे हैं। डॉ. जोगदण्डे ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र को सही और पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग का उद्देश्य शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।
अभियान के तहत सभी जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बूथ स्तर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। विभाग का लक्ष्य है कि 7 जुलाई तक अभियान के सभी चरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए जाएं और अद्यतन मतदाता सूची तैयार हो सके।
