सीएम धामी ने अमित शाह से की मुलाकात, विकास एवं जनकल्याण के मुद्दों पर हुई चर्चा। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड के विकास, जनकल्याण और राज्य के समग्र हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार, सहकारिता क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, आपदा प्रबंधन तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को मिल रहे सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास को गति देने के लिए केंद्र से अपेक्षित सहयोग और विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए राज्य के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है और राज्य सरकार जनकल्याण तथा विकास के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
