नशे और फिजूलखर्ची ने बनाया हत्यारा, छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत भुड्डी गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में दून पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि हत्या का मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई ही निकला।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी शाहिद हारून नशे का आदी है और अपने महंगे शौक पूरे करने व दोस्तों के बीच धाक जमाने के लिए अक्सर घर वालों से पैसे मांगता रहता था। कुछ दिन पूर्व जब उसके माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए थे, तब शाहिद ने पिता के एटीएम कार्ड से चोरी-छिपे लगभग 10 लाख रुपये निकाल लिए और उन्हें अपनी अय्याशी में उड़ा दिया।
इस बात की जानकारी जब उसके बड़े भाई सोहेल हारून को हुई, तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई। सोहेल द्वारा अक्सर शाहिद की गलत आदतों और फिजूलखर्ची पर टोकने व इस चोरी को लेकर की गई मारपीट से क्षुब्ध होकर शाहिद ने अपने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
आरोपी शाहिद ने वारदात को अंजाम देने से 2 दिन पहले ही घर के सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर उन्हें केवल ‘लाइव मोड’ पर डाल दिया था। दिनांक 14 जून 2026 की रात मौका पाकर शाहिद ने अपने पास रखी 32 बोर की अवैध देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
