प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु से मिलीं ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु से ओलंपिक पदक विजेता एवं विश्व विख्यात बॉक्सर Mary Kom ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में खेलों के विकास, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में कॉर्पोरेट क्षेत्र और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सहयोग से युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने, उनकी प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य राज्य में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
मैरी कॉम ने भी युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और उनकी क्षमताओं को विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलने पर उत्तराखंड के युवा खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
बैठक में खेल क्षेत्र में जनसहभागिता बढ़ाने, निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यह पहल राज्य में खेलों को नई दिशा देने और युवा प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
