ऋषिकेश में पुलिस मुठभेड़, दो इनामी बदमाश गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
चारधाम यात्रा के बीच ऋषिकेश में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नटराज चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस से बचने के लिए दोनों फरार हो गए और खांड गांव के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी आमिर और अनवारुल हक उर्फ अनवर के रूप में हुई है। दोनों ऋषिकेश में हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित थे। उनके कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बिहार में लूट और हत्या की वारदात में शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार बिहार पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी।
