इबोला संक्रमण को लेकर उत्तराखंड में हाई अलर्ट, अस्पतालों को जारी किए गए विशेष दिशा-निर्देश। Uttarakhand 24×7 Live news

0
Videoshot_20260606_194030.jpg

देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद राज्य के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी बढ़ाने के साथ ही किसी भी संदिग्ध मरीज की तत्काल पहचान और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और उन्हें 21 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। इस अवधि के दौरान नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे ताकि संक्रमण के किसी भी संभावित लक्षण का समय रहते पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इबोला वायरस का ऊष्मायन काल 2 से 21 दिन तक हो सकता है, इसलिए निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा इकाइयों और अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दवाओं, सुरक्षा उपकरणों और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण नियंत्रण संबंधी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल उत्तराखंड में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर भी निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति हाल ही में प्रभावित देशों की यात्रा करके लौटा हो और उसे बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि समय पर पहचान और उपचार से संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकता है।
प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed