कोकीन तस्करी का पर्दाफाश, कोबरा गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े तीन ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 21 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
राजपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर हाई प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन सप्लाई करने के लिए देहरादून पहुंचे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों और एक अन्य आरोपी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 20.92 ग्राम कोकीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी व कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून की पार्टियों में सप्लाई करने की बात कबूली है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
दून पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 3 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं और 145 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस टीम को इस कार्रवाई के लिए 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की भी घोषणा की गई है।
