युवा शक्ति संवाद में युवाओं से रूबरू हुए नितिन नवीन और सीएम धामी। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260530-WA0108.jpg

मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित “युवा शक्ति संवाद” कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, रोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, शिक्षा, कौशल विकास और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े कई विषयों पर अपने विचार के साथ ही सुझाव साझा किए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव युवाओं को केवल मतदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण भागीदार मानती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा आज अवसरों के एक नए युग का साक्षी बन रहा है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर प्रदान किए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और अमूल्य पूंजी होते हैं। यदि युवाओं को सही दिशा, उचित अवसर और सकारात्मक वातावरण प्राप्त हो तो वे न केवल अपने जीवन को सफल बनाते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की नई इबारत भी लिखते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और इसी उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे युवा शक्ति वाले देशों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों के कारण युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त हुए हैं। आज भारत का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले चार वर्षों में 32 हजार से ज्यादा युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही स्वरोजगार, स्टार्टअप, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि ऐसे अवसरों का निर्माण करना भी है, जिनसे प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सके। उत्तराखंड का युवा आज नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और संकल्प के साथ विकसित उत्तराखंड तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। युवाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त होगा।

‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक विचारों का संगम बनकर उभरा। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का भरोसा व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed