आईसीयू में लगी आग के बीच देवदूत बनी दून पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई मरीजों की जिंदगी। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित पेनिसिया अस्पताल में आईसीयू के एसी में ब्लास्ट होने से आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची और आईसीयू में भर्ती मरीजों का रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान धुएं और गैस के कारण 10 लोग घायल हो गए, जबकि पहले से वेंटिलेटर पर भर्ती 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीरवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। बचाव कार्य में जुटे 3 पुलिसकर्मी भी ऑक्सीजन की कमी से प्रभावित हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस और फायर टीम की तत्परता से आईसीयू में भर्ती कई मरीजों की जान बचाई गई।
