डीएम सविन बंसल की जन सुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 300 से ज्यादा शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में सोमवार को जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जन मिलन-जन दर्शन कार्यक्रम में 300 से अधिक शिकायतों की सुनवाई हुई। भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, मुआवजा, बिजली, पानी, राशन कार्ड और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में कई संवेदनशील मामले सामने आए। प्रेमनगर निवासी एक बुजुर्ग ने बेटे-बहू द्वारा घर से निकालने और धमकी देने की शिकायत की, जिस पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं एक महिला ने रोजगार योजना के तहत लिए गए ऋण और सब्सिडी न मिलने की समस्या रखी, जिस पर जांच कर राहत देने को कहा गया।
राशन कार्ड, स्कूल फीस, इलाज और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अवैध डेयरी, सिंचाई बाधित होने, कूड़ा वाहन की कमी और क्षतिग्रस्त पुलिया जैसी जनसमस्याओं पर भी अधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
इसके अलावा नेशनल हाईवे भूमि मुआवजा और डीएल रोड पर सिटी बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
