देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुड़दंग कर रहे दो युवक गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुड़दंग कर रहे दो युवक गिरफ्तार
राज्यभर में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस लगातार आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 9 मई 2026 को थाना सेलाकुई पुलिस को सूचना मिली कि डीबीएस कॉलेज के पास एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में बैठे दो युवक राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और लड़ाई-झगड़े पर उतारू हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे और अधिक आक्रामक हो गए तथा आसपास मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए। पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगने पर भी वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया और दोनों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम पुत्र अशोक निवासी डीबीएस कॉलेज के पास सेलाकुई, उम्र 21 वर्ष तथा तंजीम पुत्र निसार अहमद निवासी बड़ा रामपुर सहसपुर, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
