चारधाम यात्रा पर नकारात्मकता न फैलाएं, प्रदेश में गैस संकट नहीं सीएम धामी। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260428-WA0092.jpg

उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में पवित्र चारधाम यात्रा जारी है, जो न केवल आस्था का प्रतीक है बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है।
मुख्यमंत्री ने उन लोगों पर निशाना साधा जो सोशल मीडिया पर रील बनाकर यात्रा को लेकर नकारात्मक माहौल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार या व्यवस्थाओं का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आस्था से जुड़ी इस यात्रा को राजनीति का विषय बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से केदारनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान शिव की पवित्र नगरी है और सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आर्थिकी के लिए लाइफलाइन का काम करती है, इसलिए सभी को सकारात्मक भूमिका निभाते हुए यात्रियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
वहीं, प्रदेश में गैस संकट की खबरों पर भी मुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि राज्य में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। हाल ही में उनकी मुलाकात केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से हुई है, जिसमें आपूर्ति को लेकर पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, लेकिन भारत मजबूत नेतृत्व में इस चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने कोरोना काल में भी अपनी क्षमता साबित की थी और दुनिया के कई देशों की मदद की थी।
अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed