निजी स्कूल फीस वृद्धि पर अभिभावकों का विरोध, प्रीतम सिंह ने डीएम से करी बातचीत। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में निजी स्कूलों द्वारा लगातार की जा रही अनुचित फीस वृद्धि के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। शहर के कई नामी प्राइवेट स्कूलों पर आरोप है कि वे नियमों को दरकिनार कर 20 से 25 प्रतिशत तक फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर आज बड़ी संख्या में अभिभावक वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के आवास पहुंचे। अभिभावकों ने स्पष्ट रूप से बताया कि स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहा है, साथ ही किताबों और अन्य शुल्कों में भी भारी बढ़ोतरी की जा रही है।
प्रीतम सिंह ने अभिभावकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तुरंत देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल से फोन पर संपर्क किया और उसी समय मुलाकात का समय तय कराया। इसके बाद वे सभी अभिभावकों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले को विस्तार से रखा।
प्रीतम सिंह ने डीएम को याद दिलाया कि 1 और 2 अप्रैल 2025 को प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कोई भी स्कूल तीन वर्षों के भीतर 10% से अधिक फीस नहीं बढ़ा सकता। इसके बावजूद कई स्कूल इन नियमों का उल्लंघन कर 20-25% तक फीस बढ़ा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और नियमों के खिलाफ है।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी स्कूल दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रीतम सिंह ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे और प्रशासन के माध्यम से जल्द ही राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और बच्चों की शिक्षा के नाम पर हो रही इस मनमानी को रोका जाएगा।
