चारधाम यात्रा सुरक्षा को लेकर NDMA-USDMA की टेबल टॉप एक्सरसाइज, “जीरो मृत्यु” लक्ष्य पर जोर। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण NDMA और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण USDMAद्वारा चारधाम यात्रा की सुरक्षा एवं आपदा तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
इस दौरान एनडीएमए के सदस्य कृष्णा एस वत्स ने कहा कि चारधाम यात्रा देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और केंद्र सरकार इसके सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को रूट-आधारित जोखिम मॉनिटरिंग, यात्रियों की कैरिंग कैपेसिटी का सही आकलन तथा समय पर अलर्ट सिस्टम को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव मनीष भारद्वाज ने “जीरो मृत्यु” के लक्ष्य पर विशेष जोर देते हुए ‘सचेत ऐप’ के प्रभावी उपयोग को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से समय रहते सूचना पहुंचाना और जोखिम को कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस एक्सरसाइज के तहत मॉक ड्रिल और विभिन्न काल्पनिक आपदा परिदृश्यों के माध्यम से तैयारियों का परीक्षण किया गया। इससे आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर हुआ है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की क्षमता में वृद्धि हुई है।
