कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की समीक्षा। Uttarakhand 24×7 Live news
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। राज्य अतिथि गृह डाम कोठी में आयोजित इस बैठक में कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कुंभ मेला अधिकारी, हरिद्वार के विधायक, मेयर और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि जिन निर्माण कार्यों को बरसात के मौसम से पहले पूरा किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े सभी प्रबंधों को समय रहते मजबूत करने के निर्देश दिए।
धामी ने कहा कि कुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में राज्य सरकार का प्रयास है कि कुंभ मेला 2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कुंभ मेले के लिए आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि आने वाले वर्षों में भी इसका लाभ प्रदेश और श्रद्धालुओं को मिलता रहे।
