माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, राष्ट्र की सुख-शांति की कामना। Uttarakhand 24×7 Live news
नैनीताल।
माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के तहत आज प्रातः नैनीताल स्थित शक्तिपीठ श्री मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मां नयना देवी मंदिर आगमन पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मंदिर समिति के सदस्यों ने राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और स्थानीय श्रद्धालुओं में राष्ट्रपति के दर्शन को लेकर उत्साह देखा गया।
राष्ट्रपति मुर्मु के नैनीताल प्रवास के दौरान स्थानीय प्रशासन ने शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विशेष रूप से निगरानी रखी।
