नकल जिहादियों को मिट्टी में मिलाने तक चैन से नहीं बैठेंगे- सीएम धामी। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में नकल जिहादियों को मिट्टी में मिलाने तक चैन से नहीं बैठेने की बात कही है।
उत्तराखंड में नकल माफियाओं पर धामी सरकार का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नकल माफिया अब सिर्फ अपराधी नहीं बल्कि नकल जिहादी हैं और इन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सख्त कानून बनाकर नकल माफियाओं पर नकेल डाली है और अब जो भी इस माफिया के समर्थन में खड़ा होगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि परीक्षा प्रणाली की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों का अंजाम जेल ही होगा।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने भी सरकार के रुख का समर्थन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नकल जिहाद करने वालों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की पहली प्राथमिकता है। वहीं भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि यह युवाओं की सरकार है और मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक सबकी नजर इस मुद्दे पर है। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और सिस्टम को पूरी तरह से पारदर्शी बनाया जाएगा।
